जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर संपन्न:214 बच्चों ने शिविर में लिया भाग, लक्ष्य प्राप्ति के लिए किया गया प्रेरित

जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर संपन्न:214 बच्चों ने शिविर में लिया भाग, लक्ष्य प्राप्ति के लिए किया गया प्रेरित

खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया है। यह शिविर 5 मई से 25 मई तक चला, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 214 बालक-बालिकाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में यह शिविर संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जैसे व्यक्तित्व विकास संबंधी गुणों को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने खेलों की तकनीकी बारीकियों को सीखा और अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इस शिविर में कबड्डी के 39, ताइक्वांडो के 50, फुटबॉल के 33, कराटे के 53 और तैराकी के 39 खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। समापन समारोह में डिप्टी कलेक्टर सह उप संचालक खेल निकिता मरकाम और डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडे ने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में सफलता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। अधिकारियों ने बच्चों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *