रोहतक में बृजेंद्र सिंह सद्भाव यात्रा से नेताओं की दूरी:चारों विधायकों के अलावा शहरी व ग्रामीण जिलाध्यक्ष नहीं हुए शामिल

रोहतक में पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह द्वारा निकाली जा रही सद्भावना यात्रा आज किलोई हलके के गांवों में जाएगी। लेकिन अभी तक यात्रा से कांग्रेस नेताओं ने दूरी बना रखी है। रोहतक को भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है और यात्रा इस समय उनके हलके में हो रही है। बावजूद इसके कोई भी विधायक व जिलाध्यक्ष यात्रा में शामिल नहीं हुआ। बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा में पिछले दिनों गुरुग्राम में राहुल गांधी ने शामिल होकर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बृजेंद्र सिंह की तारीफ की थी। उस समय पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राहुल गांधी ने यात्रा में सभी एकजुट होने का संदेश भी दिया था, लेकिन बृजेंद्र सिंह की यात्रा में कांग्रेस नेता अब तक नजर नहीं आए है। किलोई हलके में हुड्डा की मजबूत पकड़
किलोई हलके में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पकड़ मजबूत है और सद्भावना यात्रा इस समय किलोई हलके में ही है। रोहतक में कांग्रेस के पूर्व सीएम सहित 4 विधायक है, लेकिन चारों में से कोई भी बृजेंद्र सिंह यात्रा में शामिल नहीं हुआ। इसके अलावा शहरी व ग्रामीण जिलाध्यक्ष भी यात्रा में नहीं गए। पूर्व सीएम को खुद देने जाएंगे निमंत्रण
बृजेंद्र सिंह के पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह ने कहा है कि वह सभी पूर्व प्रदेशाध्यक्षों को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। 23 मई को यात्रा का समापन रोहतक शहर में होगा। बिरेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को वह खुद व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण देंगे और उनके निमंत्रण पर भूपेंद्र हुड्डा जरूर यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा के समापन का इन नेताओं को दिया निमंत्रण
सद्भावना यात्रा के समापन अवसर का निमंत्रण कुमारी सैलजा, फूलचंद मुलाना, बलबीर पाल शाह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर, उदयभान पूनिया के साथ ही कांग्रेस कमेटी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप शर्मा व राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला को भी दिया गया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र यात्रा के समापन पर अध्यक्षता करेंगे। 5 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई यात्रा कर चुकी 2800 किलोमीटर का सफर
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा 5 अक्टूबर को नरवाना विधानसभा के क्षेत्र के गांव दानौदा स्थित बिनैन खाप के चबूतरे से शुरू हुई थी। अब तक यात्रा हरियाणा में 2800 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। लोगों को कांग्रेस की नीतियों से अवगत करवाते हुए पार्टी से जोड़ने का काम किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *