Delhi Highcourt On Dhurandhar 2 OTT Release: रणवीर सिंह और आदित्य धर की चर्चित फिल्म ‘धुरंधरः द रिवेंज’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। इस बार वजह फिल्म की कहानी या एक्शन नहीं बल्कि उससे जुड़ा कॉपीराइट विवाद है। दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म की OTT रिलीज रोकने की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने फिल्म को राहत देते हुए इसकी रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि कोर्ट ने टी-सीरीज को 50 लाख रुपए जमा करने का आदेश जरूर दिया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
कोर्ट ने ओटीटी रिलीज पर नहीं लगाई रोक (Delhi Highcourt On Dhurandhar 2 OTT Release)
पूरा मामला फिल्म में इस्तेमाल किए गए मशहूर गाने ‘तिरछी टोपीवाले’ से जुड़ा हुआ है। दावा किया गया कि इस गाने और उसके रीमिक्स वर्जन का इस्तेमाल बिना पूरी कानूनी अनुमति के किया गया। इसी को लेकर त्रिमूर्ति फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और फिल्म की डिजिटल रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।
बताया गया कि साल 1988 में हुए एक समझौते के तहत सिर्फ सीमित ऑडियो अधिकार दिए गए थे। ऐसे में गाने को किसी नई फिल्म में इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं था। शिकायत करने वाली कंपनी का कहना था कि फिल्म में इस गाने का उपयोग उनके कॉपीराइट का उल्लंघन है।
टी-सीरीज ने इस दावे का किया था विरोध
वहीं दूसरी ओर टी-सीरीज, जियो स्टूडियोज और फिल्म से जुड़े दूसरे पक्षों ने अदालत में इस दावे का विरोध किया। उनका कहना था कि ‘त्रिदेव’ के गाने पहले भी कई फिल्मों में इस्तेमाल किए जा चुके हैं और उस दौरान किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। इसी आधार पर उन्होंने याचिका को खारिज करने की मांग की।
मामले की सुनवाई के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि फिलहाल फिल्म की OTT रिलीज रोकना जरूरी नहीं है। अदालत ने माना कि अगर बाद में ट्रायल के दौरान शिकायत करने वाली कंपनी अपने अधिकार साबित कर देती है, तो उसे आर्थिक मुआवजा दिया जा सकता है। इसी वजह से कोर्ट ने टी-सीरीज को चार हफ्तों के अंदर 50 लाख रुपए जमा करने का आदेश दिया। यह रकम ब्याज वाले फिक्स्ड डिपॉजिट में रखी जाएगी और केस खत्म होने के बाद जीतने वाले पक्ष को इसका फायदा मिलेगा।
धुरंधर 2 की ओटीटी रिलीज का रास्ता हुआ साफ
अब कोर्ट से राहत मिलने के बाद ‘धुरंधरः द रिवेंज’ की OTT रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। फिल्म 15 मई 2026 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है। वहीं भारत में इसके जियोहॉटस्टार पर रिलीज होने की चर्चा तेज है।
खास बात ये है कि OTT पर फिल्म का ‘रॉ एंड अनदेखा’ वर्जन रिलीज किया जाएगा। ये वर्जन करीब 3 घंटे 52 मिनट लंबा बताया जा रहा है, जिसमें कई ऐसे सीन्स शामिल होंगे जिन्हें थिएटर्स में नहीं दिखाया गया था। यही वजह है कि फैंस के बीच इस एक्सटेंडेड कट को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।


