दिल्ली HC ने प्रिया कपूर को दिखाया आईना, करिश्मा के बच्चों को दी बड़ी राहत

Sunjay Kapur property dispute case: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की विशाल संपत्ति को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में गुरुवार 30 अप्रैल 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया। बता दें, कोर्ट ने संजय की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर को उनकी संपत्ति को खर्च करने या उसे किसी को ट्रांसफर करने से रोक दिया है। ये आदेश करिश्मा के बच्चों कियान और समायरा कपूर के साथ-साथ संजय की मां रानी कपूर के लिए एक बड़ी राहत के रूप में आया है।

इस मामले में संदिग्ध हालातों को लेकर सवाल उठाए

जस्टिस ज्योति सिंह ने सुनवाई में बताया कि करिश्मा के बच्चों और संजय की मां ने इस मामले में संदिग्ध हालातों को लेकर सवाल उठाए हैं जिन्हें अनदेखा नहीं किया जा सकता। साथ ही, कोर्ट ने कहा कि संजय कपूर की संपत्ति को संभालने की जरूरत है और इसे तब तक खर्च नहीं किया जाना चाहिए जब तक वसीयत की असलियत का फैसला नहीं हो जाता। बता दें, कोर्ट ने ये भी कहा कि वसीयत कितनी असली है, ये ट्रायल का मामला है।

इतना ही नहीं, कोर्ट ने प्रिया को कुछ भारतीय बैंक खातों से पैसे निकालने पर भी रोक लगा दी है। यहां तक कि संजय के पास मौजूद क्रिप्टोकरेंसी को भी ट्रांसफर करने की अनुमति नहीं दी गई है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि अगर वसीयत फर्जी पाई जाती है तो इस स्तर पर कोई कदम न उठाने पर गंभीर अन्याय हो सकता है। दरअसल, जून 2025 में लंदन में अचानक कार्डियक अरेस्ट से संजय कपूर की मौत हो गई थी, तब से संपत्ति को लेकर परिवार में कानूनी विवाद तब से बना हुआ है।

कई महंगी और कीमती संपत्तियां जानबूझकर छोड़ दी

एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेवा कपूर के जरिए पेश की गई वसीयत को अदालत में चुनौती दी और उनका आरोप है कि ये वसीयत असली नहीं है और इसमें कई महंगी और कीमती संपत्तियां जानबूझकर छोड़ दी गई हैं। बता दें, करिश्मा के बच्चों को लेकर वकीलों ने कोर्ट को बताया कि जो वसीयत पेश की गई है उसमें कई अहम संपत्तियां शामिल नहीं हैं। इनमें संजय कपूर द्वारा पोलो खेलने के लिए यूज किए जाने वाले बेशकीमती घोड़े, लग्जरी घड़ियों का संग्रह, दुर्लभ पेंटिंग्स और देश-विदेश में कई अचल संपत्तियां शामिल हैं। उनका आरोप है कि इन सब को जानबूझकर वसीयत से बाहर रखा गया है।

साथ ही, कोर्ट ने माना कि करिश्मा के बच्चों ने अपने दावों को साबित करने के लिए पहले ही काफी शुरुआती सबूत पेश कर दिए हैं। इन सबूतों के आधार पर ही कोर्ट ने अंतरिम राहत देते हुए प्रिया को संपत्ति खर्च करने से रोकने का आदेश दिया। दरअसल, कोर्ट ने प्रिया कपूर को ये स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें वसीयत की सच्चाई को लेकर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना होगा। ये मामला अब ट्रायल कोर्ट में जाएगा जहां वसीयत की असलियत की गहन जांच होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *