गुरुग्राम में सिकंदरपुर चौक पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय ताहिर अहमद के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गांव मैत्रा धर्मपुर का निवासी था। पुलिस के अनुसार, ताहिर गुरुग्राम में मजदूरी करता था और पिछले 10 वर्षों से यहीं रह रहा था। घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। हालांकि, शुरुआती जांच में मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सिकंदरपुर चौक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस फुटेज की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह मामला किसी दुर्घटना का है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


