हाथरस जिले के मुरसान कोतवाली क्षेत्र में पटैनी चौराहे के पास एक खेत में नीम के पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव बमनई निवासी 22 वर्षीय आकाश पुत्र नेत्रपाल के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार आकाश राजस्थान में बर्तन बेचने का काम करता था। उसने परिवार को बताया था कि वह घर लौट रहा है, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव मुरसान क्षेत्र में पटैनी चौराहे के निकट एक नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। युवक की मोटरसाइकिल भी घटनास्थल के पास पड़ी मिली। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि आकाश की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। उनका कहना है कि युवक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अगले महीने होनी थी शादी परिवार के लोगों ने बताया कि अगले महीने आकाश की शादी होने वाली थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।


