खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका:उज्जैन के ग्राम पिपलिया डाबी का मामला, FSL और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटी

खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका:उज्जैन के ग्राम पिपलिया डाबी का मामला, FSL और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटी

उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया डाबी में शनिवार सुबह एक युवक का शव उसके खेत में मिला। मृतक की पहचान पिपलिया डाबी निवासी 30 वर्षीय भारत सिंह पिता भगवान सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागदा सीएसपी विक्रम अहिरवार को सूचित किया गया, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे। आईपीएस प्रशिक्षु काजल सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने उज्जैन से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वॉड ने आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशने का प्रयास किया। सीएसपी विक्रम अहिरवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि अज्ञात आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव उसके खेत में फेंक दिया। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सीएसपी अहिरवार ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *