कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र में औरैया-कानपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार डीसीएम ने यूपी-112 पुलिस के पीआरवी वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पीआरवी पर तैनात दो हेड कांस्टेबल घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना मवईमुक्ता गांव के सामने हुई। यूपी-112 की पीआरवी गाड़ी रनिंग लोकेशन पर हाईवे पर मौजूद थी। औरैया की ओर से आ रही डीसीएम (संख्या यूपी 14 क्यू टी 5625) ने मवईमुक्ता ओवरब्रिज उतरते ही पुलिस वाहन (संख्या यूपी 32 डीजी 6937) को टक्कर मारी। घायल हेड कांस्टेबलों की पहचान अमूल्य प्रसाद और भुवनेश कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। डेरापुर थाना निरीक्षक धीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीसीएम चालक सोनपाल पुत्र महेश पाल, निवासी अग्नेपुरवा, थाना पिहानी, जिला हरदोई को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम वाहन को बिहार घाट चौकी परिसर में खड़ा करवा दिया गया है।


