दतिया जिला अभिलेखागार में सुरक्षित एक राजस्व प्रकरण के रिकॉर्ड में मृत्यु की तारीख बदलने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देश, कलेक्टर की जांच रिपोर्ट और दस्तावेजों की जांच के आधार पर की गई है। जांच में सामने आई तारीख बदलने की बात पुलिस के अनुसार, जिला अभिलेखागार में रखे वर्ष 2018-19 के एक नामांतरण प्रकरण की जांच के दौरान रिकॉर्ड में दर्ज रमकू उर्फ रामकुंअर की मृत्यु तिथि 28 जनवरी 2019 से बदलकर 23 जनवरी 2019 किए जाने के तथ्य सामने आए। जांच में यह भी पाया गया कि नामांतरण आवेदन और संबंधित शपथ पत्रों में दर्ज तारीखों से छेड़छाड़ की गई थी। कलेक्टर की जांच के बाद हुई कार्रवाई मामले की जांच पहले जिला स्तर पर कराई गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बाद में मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां न्यायालय ने पुलिस को निष्पक्ष जांच कर जल्द अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने के निर्देश दिए। भोपाल से आई विशेषज्ञ रिपोर्ट जांच के दौरान पुलिस ने मूल फाइल और संबंधित दस्तावेज राज्य परीक्षक विवादास्पद प्रलेख, भोपाल भेजे थे। 30 मई को प्राप्त रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने बताया कि तारीख में दर्ज अंक ‘8’ के ऊपर ‘3’ लिखा गया है। हालांकि अधिक ओवरराइटिंग और पर्याप्त तकनीकी आधार नहीं मिलने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बदलाव किस व्यक्ति ने किया। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज रिकॉर्ड में मृत्यु तिथि बदलने के तथ्य सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 336(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिकॉर्ड में काट-छांट किसने और किन परिस्थितियों में की।


