दमोह में नौतपा के सातवें दिन रविवार को मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में बादल छाने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम बदलने के साथ ही बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। दोपहर करीब 1 बजे तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को तेज धूप के कारण बाजारों में भीड़ कम थी और लोग गर्मी से परेशान थे, लेकिन रविवार को मौसम बदलने के बाद बादल छाए रहे। मौसम में आए इस बदलाव का असर यह रहा कि जिस धूप में लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे थे, उसी दिन दोपहर 1 बजे खेल मैदान में कई बच्चे क्रिकेट खेलते नजर आए। शहर की सड़कों पर भी लोग बिना सिर ढके या तौलिया लिए चलते दिखे, जिससे पता चलता है कि उन्हें धूप का एहसास नहीं हो रहा था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले एक-दो दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा और बारिश की भी संभावना है। नौतपा की शुरुआत से ही मौसम में परिवर्तन हो रहा है। बीच में एक बार अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, जिसके बाद यह 45 डिग्री के आसपास बना रहा। रविवार को तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।


