हाथरस जिले में बीती रात तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। चंदपा कोतवाली के मीतई बाईपास पर सड़क से करीब 15 मीटर दूर एक सूखे पेड़ पर बिजली गिरने से आग लग गई। सासनी में तेज आंधी और बारिश के बीच नया नगला निवासी मानिक चंद ठेकेदार पुत्र पन्ना लाल के मकान पर आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरने का धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका दहल गया और आसपास के लोग डर के मारे अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। बिजली सीधे मकान की छत पर गिरी, जिससे पक्के मकान की छत में गहरी दरारें आ गईं। बिजली का झटका इतना तेज था कि घर के भीतर लगे सभी कीमती विद्युत उपकरण पल भर में जलकर राख हो गए। इस प्राकृतिक आपदा के कारण मकान मालिक को मलबे और उपकरणों के रूप में भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मडनई में एक टिन शेड भी आंधी से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा, जिले में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और कुछ अन्य टिन शेड भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।


