Cyclone Arnab: झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद

Cyclone Arnab: झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद

झारखंड सरकार ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई बारिश के मद्देनजर कई जिलों में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। यह चक्रवात बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से गुजरा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिला प्रशासन ने कहा कि बुधवार और बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराया। इस दौरान हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी जो 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।

आईएमडी के अनुसार, तट से टकराने की प्रक्रिया रात एक बजकर 20 मिनट के आसपास शुरू हुई। आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से रांची, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में मंगलवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘रांची जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित रहेंगी।’’
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि मंगलवार रात से राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘चक्रवात का मुख्य प्रभाव झारखंड में बुधवार दोपहर से बृहस्पतिवार के बीच दिखाई देगा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *