भास्कर संवाददाता| खरगोन जिले के ग्राम दसनावल में पिछले तीन-चार दिनों से तेंदुए की दहशत फैली हुई है। ग्रामीणों ने इलाके में तेंदुए के साथ उसके शावक होने भी संभावना जताई है। ग्रामीणों ने बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्र के कुत्तों को शिकार बना रहे हैं। खेत की सफाई के दौरान तेंदुए के हमले से घायल तीन युवकों में से एक की छुट्टी हो गई है। जबकि दो का इलाज जारी है। वर्तमान में हालात ऐसे हैं कि रात होते ही गांवों में सन्नाटा पसर जाता है और लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने गांव और खेतों के आसपास पगमार्क मिलने की भी पुष्टि की है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली। पहले पिंजरे में बकरा बांधा गया था, जिसकी मौत हो गई। अब विभाग ने पिंजरों में मुर्गे रखकर तेंदुए को लुभाने की कोशिश शुरू की है। क्षेत्र में ड्रोन से भी सर्चिंग की जा रही है।


