IPL 2026, CSK vs KKR Pitch and Weather Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आज 14 अप्रैल को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपक) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच एक बड़ा मुकाबला होने वाला है। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच जीतना बहुत जरूरी है। चेन्नई की टीम पिछले मैच में दिल्ली को हराकर जोश में है, वहीं कोलकाता को इस सीजन में अभी भी अपनी पहली जीत का इंतजार है।
CSK और KKR का अब तक का हाल
चेन्नई ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अपनी हार का सिलसिला तोड़ दिया है और अब वे आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि संजू सैमसन फॉर्म में लौट आए हैं, उन्होंने पिछले मैच में शानदार शतक जड़ा था। वहीं कोलकाता की बात करें तो वे इकलौती ऐसी टीम हैं जिसने अब तक एक भी मैच नहीं जीता है। फिन एलन और कैमरून ग्रीन की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी उनके लिए बड़ी चिंता बनी हुई है।
कैसी रहेगी चेपक की पिच? (Pitch Report)
इस बार चेपक की पिच वैसी नहीं है जैसी पहले हुआ करती थी (धीमी और स्पिन वाली)। उम्मीद है कि आज काली मिट्टी (Black Soil) वाली पिच मिलेगी, जहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आएगी और उछाल भी मिलेगा। गेंदबाजों को यहां हार्ड लेंथ पर गेंद डालनी होगी, तभी वे सफल हो पाएंगे। ओस की भूमिका यहाँ टॉस जीतने वाली टीम के लिए अहम होगी।
चेन्नई के मौसम का हाल (Weather Update)
चेन्नई में आज काफी गर्मी और उमस (Humidity) रहने वाली है। तापमान 28°C से 34°C के बीच रहेगा और उमस 85% तक जा सकती है। रात को ओस (Dew) गिरने की पूरी संभावना है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना और लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाएगा।
CSK vs KKR: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड (Head-to-Head)
अगर इतिहास देखें तो चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कुल 34 मुकाबले हुए है। चेन्नई का पलड़ा इसलिए भारी है क्योंकि सुपर किंग्स ने 34 में से 21 मुकाबले जीते है। वहीं दूसरी ओर कोलकाता के नाइट राइडर्स ने 12 जीत अपने नाम की है। और इन दोनों टीमों के बीच एक मैच ऐसा भी रहा जिसका कोई नतीजा नहीं निकला, वो मैच किसी के हक में नहीं गया। हालांकि, 2022 के बाद से दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही है और दोनों ने 3-3 मैच जीते हैं।




