CSK Qualification Scenario: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लीग स्टेज में अब सिर्फ 5 मैच बचे हैं और प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक हो गई है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) इस रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने ऑफिशियल तौर पर क्वालीफाई कर लिया है। अब चौथे नंबर के लिए असली जंग राजस्थान रॉयल्स (RR), पंजाब किंग्स (PBKS), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच है।
ऐसे आएगी CSK टॉप 4 में
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए राह सबसे ज्यादा मुश्किल है। आज चेन्नई को हर हाल में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी, लेकिन कहानी सिर्फ यहीं खत्म नहीं होती। अगर CSK आज का मैच जीत भी जाती है, तो भी उसे प्लेऑफ के टॉप-4 में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों की हार-जीत पर निर्भर रहना पड़ेगा।
CSK के लिए प्लेऑफ का पूरा समीकरण (Equation)
सीएसके को क्वालीफाई करने के लिए आज खुद जीतने के साथ-साथ इन 3 मैचों में अपने लिए दुआ मांगनी होगी।
- LSG vs PBKS: इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को पंजाब किंग्स (PBKS) को हराना होगा।
- MI vs RR: इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) की जीत जरूरी है ताकि राजस्थान रॉयल्स (RR) अंक तालिका में आगे न बढ़ सके।
- KKR vs DC: लीग स्टेज के इस आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराना होगा।
IPL 2026 लेटेस्ट पॉइंट्स टेबल (Points Table)
| POS | TEAM | M | Win | Lose | NR | NRR | PTS |
| 1 | RCB | 13 | 9 | 4 | 0 | +1.065 | 18 |
| 2 | GT | 13 | 8 | 5 | 0 | +0.400 | 16 |
| 3 | SRH | 13 | 8 | 5 | 0 | +0.350 | 16 |
| 4 | RR | 13 | 7 | 6 | 0 | +0.083 | 14 |
| 5 | PBKS | 13 | 6 | 6 | 1 | +0.227 | 13 |
| 6 | KKR | 13 | 6 | 6 | 1 | +0.011 | 13 |
| 7 | CSK | 13 | 6 | 7 | 0 | -0.016 | 12 |
| 8 | DC | 13 | 6 | 7 | 0 | -0.871 | 12 |
| 9 | MI | 13 | 4 | 9 | 0 | -0.510 | 8 |
| 10 | LSG | 13 | 4 | 9 | 0 | -0.702 | 8 |
अगर राजस्थान की टीम मुंबई से हार जाती है, लेकिन उधर कोलकाता की टीम दिल्ली को हरा देती है, तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर कोलकाता नाइट राइडर्स सीधे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी और चेन्नई का पत्ता कट जाएगा।
अगर ये सारे नतीजे चेन्नई के हक में जाते हैं, तो CSK, RR और DC के बीच चौथे स्थान के लिए टाई हो जाएगा। फिलहाल चेन्नई का नेट रन रेट (NRR) राजस्थान से खराब है, लेकिन दिल्ली से बेहतर है, इसलिए आज ऋतुराज की सेना को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।






