MS Dhoni को लेकर CSK के कोच ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्यों लिया मैच से दूर रहने का फैसला

MS Dhoni को लेकर CSK के कोच ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्यों लिया मैच से दूर रहने का फैसला

Michael Hussey on MS Dhoni: सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने एमएस धोनी के आईपीएल 2026 से अब तक दूर रहने के फैसले को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पूर्व कप्तान पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। 44 वर्षीय धोनी को सीजन की शुरुआत से पहले पिंडली में चोट लगी थी, जिसके कारण वह पिछले तीन हफ्तों से टीम से बाहर हैं। उनकी रिकवरी के दौरान विकेटों के बीच दौड़ने की गति पर खास काम किया गया है।

रिकवरी को लेकर दिया अपडेट

माइकल हसी ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ मैच से पहले कहा, “उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे। यह कहना मुश्किल है कि वह अगले मैच में खेलेंगे या उसके बाद, लेकिन उनकी रिकवरी काफी अच्छी चल रही है। वह अपनी दौड़ने की गति पर काम कर रहे हैं, जो इस समय सबसे चुनौतीपूर्ण पहलू था। बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग को लेकर हमें पूरा भरोसा है, बस यह सुनिश्चित करना था कि वह तेजी से दौड़ने में सक्षम हों, खासकर पारी के अंत में।”

हसी ने साफ कर दिया कि वापसी का अंतिम फैसला धोनी का ही होगा। उन्होंने कहा, “जैसे ही उन्हें अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा हो जाएगा, वह खुद संकेत दे देंगे कि वह खेलने के लिए तैयार हैं। फिलहाल हम उन्हीं के निर्देशों का पालन कर रहे हैं और इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पूरा चेन्नई भी उनका इंतजार कर रहा है।” धोनी मैच के दिनों में सीएसके के डगआउट में नजर नहीं आ रहे हैं। इस पर हसी ने बताया कि धोनी ने खुद ध्यान भटकने से बचने के लिए यह फैसला लिया है। आईपीएल नियमों के अनुसार ड्रेसिंग रूम में सीमित संख्या में खिलाड़ियों को ही रहने की अनुमति होती है, इसलिए कुछ टीमें खिलाड़ियों को होटल में ही रहने देती हैं।

हसी ने कहा, “एमएस धोनी एक सच्चे टीम प्लेयर हैं। वह हमेशा टीम के हित में सोचते हैं। उन्हें लगा कि उनकी मौजूदगी से अनावश्यक ध्यान भटक सकता है, क्योंकि कैमरे और दर्शकों का फोकस उन पर रहेगा। वह चाहते हैं कि टीम बिना किसी दबाव के अपना खेल खेले। हालांकि, वह घर से हर चीज पर नजर बनाए हुए हैं। व्यक्तिगत तौर पर मुझे ड्रेसिंग रूम में उनका साथ काफी पसंद है। वह खिलाड़ियों को आत्मविश्वास और दिशा देते हैं। ट्रेनिंग के दौरान वह हमेशा मौजूद रहते हैं और अपने अनुभव साझा करते हैं, लेकिन मैच के दिन दूर रहने का फैसला उन्होंने टीम के हित में ही लिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *