राजस्थान तरफ से गांजे की तस्करी करते पकड़ाया बदमाश:1.20 लाख का दो किलो गांजा बरामद; वाहन चेकिंग के दौरान चढ़ा पुलिस के हत्थे

राजस्थान तरफ से गांजे की तस्करी करते पकड़ाया बदमाश:1.20 लाख का दो किलो गांजा बरामद; वाहन चेकिंग के दौरान चढ़ा पुलिस के हत्थे

गुना के फतेहगढ़ इलाके में गांजे की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गुना का बदमाश राजस्थान तरफ से गांजा लेकर आ रहा था। उसके कब्जे से 1.20 लाख का दो किलो गांजा बरामद किया गया है। फतेहगढ़ पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध जिले भर में नशामुक्त समाज अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी विवेक अष्ठाना के मार्गदर्शन में फतेहगढ़ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतर्राज्यीय तस्कर को घेराबंदी कर पकड़ा है, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा और तस्करी में ईस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की गई है। फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम छबड़ा रोड स्थित ग्राम हमीरपुर नर्सरी के पास सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छबड़ा (राजस्थान) की ओर से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 08-8258 पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस बल को तैनात देख आरोपी ने घबराकर मोटरसाइकिल मोड़ ली और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में बैग से मिला गाजा पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम धारा सिंह पुत्र रामचरण लोधा (31), निवासी ग्राम दौरान, थाना विजयपुर, जिला गुना बताया। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी पीठ पर टंगे बैग से 2.200 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जप्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये और तस्करी में उपयोग की गई मोटरसाइकिल की कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 1.20 लाख रुपये का मसरूका जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फतेहगढ़ थाने में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 93/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब आरोपी के अंतर्राज्यीय कनेक्शन और तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ताकि मुख्य स्रोत तक पहुंचा जा सके। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी SI अभिषेक तिवारी सहित ASI जसरथ दिवाकर, दिलीप सिंह रघुवंशी, नरेश शर्मा, साइबर सेल के कुलदीप यादव, भूपेंद्र खटीक और पूरी टीम का योगदान रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *