2 साल से फरार बदमाश गिरफ्तार:4 थानों में चोरी के 7 मामले दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा

2 साल से फरार बदमाश गिरफ्तार:4 थानों में चोरी के 7 मामले दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा

डूंगरपुर की चौरासी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत दो साल से फरार एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जिले के चार अलग-अलग थानों में चोरी के सात मामले दर्ज हैं। चौरासी पुलिस थानाधिकारी भवानीसिंह राठौड़ ने बताया कि एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी के घर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी घर के पीछे के रास्ते से भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर घने जंगलों में पीछा करते हुए उसे कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को थाने लाकर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ कमलेश पुत्र गट्टू बरंडा निवासी गौरदा, थाना चौरासी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ धंबोला, चौरासी, सागवाड़ा और सीमलवाड़ा थानों में चोरी और नकबजनी के कुल सात मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गुजरात के अरावली जिले के मोडासा टाउन थाना क्षेत्र में भी बाइक चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *