लोहारू में सड़क निर्माण के 2 घंटे बाद ही दरारें:अनियमितता के आरोप लगाकर लोगों ने काम रुकवाया, प्रदर्शन कर जांच की मांग

भिवानी जिले के लोहारू शहर के बाल्मीकि चौक से रानी सती मंदिर तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। लगभग 13.90 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क की गुणवत्ता इतनी खराब निकली कि निर्माण के मात्र दो घंटे बाद ही सड़क के बीचों-बीच लंबी दरारें पड़ गईं। इससे गुस्साए वार्ड वासियों ने निर्माण कार्य को बीच में ही रुकवा दिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। निवासियों और वार्ड पार्षद महेश गांधी का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में निर्धारित मानकों की सरेआम अनदेखी की जा रही है। घटिया सामान और मानक से कम सामान लगाने का आरोप लोगों ने बताया कि सड़क की ऊपरी परत इतनी कच्ची है कि वह शुरू होते ही उखड़ने लगी। निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण में कई जरूरी सामग्री का सही अनुपात में उपयोग नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क बनने के तुरंत बाद ही जवाब दे गई। जैसे ही सड़क में दरारें दिखने लगीं, भारी संख्या में वार्ड वासी जमा हो गए। राजेश सैनी, अजय शर्मा आदि ने काम रुकवाते हुए कहा कि यदि शुरुआत में ही यह हाल है तो आने वाले कुछ दिनों में सड़क पूरी तरह गायब हो जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के पैसे की इस तरह बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जब तक गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं होती, काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। जेई ने दिया जांच और दोबारा कार्य का आश्वासन मामला गर्माता देख संबंधित विभाग के जेई कृष्ण सैनी ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि शिकायत के बाद कार्य को तुरंत प्रभाव से रुकवा दिया गया है। जेई ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार सुबह से सड़क का निर्माण नियमानुसार और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के साथ नए सिरे से शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मानकों की अनदेखी करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उच्च स्तरीय जांच की मांग मौके पर मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी के बिना ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहे हैं, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *