हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के समीप एनएच-148बी पर स्थित सिरोही बहाली टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों और एक वाहन चालक के बीच विवाद हो गया। वाहन के ड्राइवर ने टोल कर्मियों पर गाली-गलौज और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए। शनिवार देर शाम पंजाब का एक गाड़ी ड्राइवर अपनी गाड़ी को जयपुर से 152 डी पर ले जा रहा था। जब वह सिरोही बहाली टोल पर पहुंचा तो टोल काटने के समय उसका वहां मौजूद अजीत नामक टोल कर्मी के साथ विवाद हो गया। लग गई वाहनों की लंबी लाइन पीड़ित वाहन ड्राइवर के अनुसार टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उसका आरोप था कि वह करीब डेढ़ घंटे तक टोल पर फंसा रहा। टोल कर्मियों ने किया अभद्र व्यवहार जब उसने देरी का कारण पूछा और वाहनों की जल्द निकासी की मांग की तो कुछ टोल कर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। चालक का कहना है कि कर्मचारियों जिनमें अजीत नाम के कर्मचारी ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। टोलकर्मी ने मांगी माफी विवाद बढ़ने पर चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। टोल कर्मचारी अजीत ने ड्राइवर से सबके सामने माफी मांगी। जिसके बाद विवाद शांत हुआ। बनी जाम जैसी स्थिति इस दौरान टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई, जिससे अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने टोल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। पहले भी हो चुकी घटनाएं सिरोही बहाली टोल प्लाजा पर इससे पहले भी वाहन चालकों और कर्मचारियों के बीच विवाद, अभद्रता और मारपीट के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में ताजा घटना ने एक बार फिर टोल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर बहस छेड़ दी है।


