अयोध्या में हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिलेभर में 292 ट्रांसफॉर्मर फुंक जाने से हजारों उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो गई है। बिजली निगम प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है। पिछले करीब पंद्रह दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा था। दो दिन पहले आई तेज आंधी और तूफान ने कई इलाकों में बिजली के खंभे गिरा दिए, जबकि कई स्थानों पर बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके चलते बड़ी संख्या में ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए। सबसे अधिक नुकसान दर्शन नगर डिवीजन में हुआ है, जहां 160 ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। इसके अलावा मिल्कीपुर डिवीजन में 68, रुदौली में 62 और शहरी क्षेत्र में दो ट्रांसफॉर्मर खराब हुए हैं। ट्रांसफॉर्मरों के खराब होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ता बिजली संकट से जूझ रहे हैं। आंधी-तूफान का असर बड़े क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों पर भी पड़ा है। जिले में 100 केवीए से अधिक क्षमता वाले 11 ट्रांसफॉर्मर खराब हुए हैं। इनमें दर्शन नगर डिवीजन के सात, शहरी क्षेत्र के दो तथा रुदौली और मिल्कीपुर के एक-एक ट्रांसफॉर्मर शामिल हैं। उपखंड अधिकारी मिल्कीपुर अमित कुमार सिंह ने बताया कि तेज हवा, बारिश और बिजली लाइनों पर पेड़ व अन्य वस्तुएं गिरने से व्यापक क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर बदले जा रहे हैं और बिजली आपूर्ति सामान्य करने का कार्य तेजी से जारी है। बिजली विभाग की टीमें लगातार मरम्मत और प्रतिस्थापन कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों का दावा है कि प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


