अमेठी में नगर पंचायत द्वारा प्रस्तावित तालाब सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। वार्ड नंबर 3, कटरा राजा हिम्मत सिंह के सैकड़ों ग्रामीणों ने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में प्रभारी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। नगरवासियों की प्रमुख मांग है कि तालाब सौंदर्यीकरण से पहले सार्वजनिक श्मशान भूमि को सुरक्षित कर उसका सीमांकन किया जाए। इसके बाद ही बची हुई भूमि पर कोई भी योजना शुरू की जाए। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि सौंदर्यीकरण के नाम पर श्मशान की जमीन से छेड़छाड़ हो सकती है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2020-21 में सार्वजनिक कब्रिस्तान और अंत्येष्टि स्थल के निर्माण व सुरक्षा के लिए शासन ने धनराशि स्वीकृत की थी। नगर पंचायत ने इसके लिए टेंडर भी जारी किया था। हालांकि, कार्य शुरू होने के बाद केवल कुछ पिलर लगाकर निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया, और पांच साल बाद भी बाउंड्रीवाल पूरी नहीं हुई है।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत बाउंड्रीवाल का निर्माण पूर्ण नहीं कराती है, तो वे अपने निजी फंड से शेष कार्य करवाएंगे। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि उनकी भावनाओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाकर जल्द ही मामले का निस्तारण कराया जाएगा। नगरवासियों की मांग है कि पहले सार्वजनिक कब्रिस्तान और अंत्येष्टि स्थल की विधिवत पैमाइश, सीमांकन और सुरक्षा कार्य पूरा किया जाए, उसके बाद ही तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जाए। एसडीएम ने इस मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


