गोंडा जिले में मंगलम गैस एजेंसी के मालिक देवेंद्र प्रताप सिंह और उनके साथियों पर एक उपभोक्ता से मारपीट का आरोप लगा है। घटना 17 मई की दोपहर आवास विकास स्थित एजेंसी पर हुई। पीड़ित मोहम्मद रिजवान ने गैस न मिलने पर नाराजगी जताई थी, जिसके बाद उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। मारपीट का 43 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एजेंसी मालिक देवेंद्र प्रताप सिंह कथित तौर पर युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर वीडियो वायरल होने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मोहम्मद रिजवान ने मंगलम गैस एजेंसी मालिक देवेंद्र प्रताप सिंह और 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए गए हैं। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को तहरीर और वायरल वीडियो का संज्ञान मिला है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी पर पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही जिला पूर्ति विभाग ने एजेंसी पर 1143 भरे हुए और 475 खाली गैस सिलेंडर कम मिलने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की जांच भी पुलिस कर रही है। 2800 ग्राहकों की बुकिंग दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर प्रशासन ने एजेंसी के खिलाफ एक और कार्रवाई करते हुए यहां बुकिंग कराने वाले करीब 2800 ग्राहकों की गैस बुकिंग दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।


