अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। नोएडा में तैनात एक सिपाही पर आरोप है कि उसने युवती से 1.90 लाख रुपये भी ऐंठे और बाद में शादी से इनकार कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दो साल पहले वह दिल्ली से बस से घर आ रही थी। उसी बस में बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव जलीलपुर निवासी पंकज सैनी भी सवार हुआ। पंकज उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में नोएडा में तैनात है। बस में बातचीत के दौरान पंकज ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। शादी का वादा कर शोषण किया
सिपाही पंकज ने युवती से शादी करने का वादा किया और उसके भाई से भी इस संबंध में बात की। आरोप है कि वह युवती को नोएडा स्थित अपने सरकारी आवास पर ले गया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए कहा, तो पंकज ने मार्च 2026 में अपनी बहन की शादी के बाद विवाह करने का बहाना बनाया। युवती से 1.90 लाख रुपये भी ऐंठे
इस दौरान, पंकज ने अपनी बहन की शादी की खरीदारी के नाम पर युवती से 1,90,750 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। उसने युवती के सोने-चांदी के आभूषण भी गिरवी रखवा दिए। 5 मार्च 2026 की शाम को वह युवती के घर आया और उसे जल्द शादी करने का आश्वासन देते हुए उसके साथ फिर शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
मार्च 2026 का महीना बीत जाने के बाद जब युवती ने पंकज से शादी करने को कहा, तो आरोप है कि उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती गजरौला थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही पंकज सैनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


