रायसेन| शहर के प्रमुख जल निकासी नाला निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के विरोध में बुधवार शाम जिला युवक कांग्रेस एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महामाया चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाला निर्माण में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की गई है और जनता के पैसों का दुरुपयोग हुआ है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से बन रहे नाले की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्षद प्रभात चावला ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता अनिवार्य है। संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। ठेकेदार बोला – अतिक्रमण बना नाला निर्माण में बाधा, नगर पालिका से मांगा समाधान : शहर में पीडब्ल्यूडी-2 के तहत चल रहे नाला निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं को लेकर ठेकेदार यशपाल रघुवंशी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपकर मार्गदर्शन और सहयोग की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि बाजार क्षेत्र में नाला निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है, जिससे निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य करना मुश्किल हो रहा है। ठेकेदार ने नगर पालिका से उपलब्ध स्थान के अनुसार नाले के आकार को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया है। यशपाल रघुवंशी ने यह भी बताया कि नगर पालिका गेट के सामने से मजार तक नाले की भूमि पर कई स्थानों पर स्थायी निर्माण और अतिक्रमण हैं। इसके अलावा पुराने नाले की सफाई भी लंबे समय से नहीं हुई है।


