रायसेन| महात्मा गांधी के कथित अपमान के मामले में सियासत गरमा गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस द्वारा रचा गया राजनीतिक षड्यंत्र था, जिसे पुलिस जांच ने बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब जब सच्चाई सामने आ गई है, तो कांग्रेस अपने ही कार्यकर्ता से संबंध होने से इनकार कर रही है। बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए में शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी देश की अस्मिता और सम्मान के प्रतीक हैं। उनका अपमान किसी भी भारतीय के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा ऐसा कृत्य किया गया होता, तो पूरा देश उसके खिलाफ खड़ा होता, लेकिन इस मामले में जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं, वे कांग्रेस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि पुलिस जांच में जिस व्यक्ति अजहर कुरैशी उर्फ टाइगर का नाम सामने आया है, वह कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब उसे अपना कार्यकर्ता मानने से इंकार कर रही है, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फोटो और वीडियो में संबंधित व्यक्ति अजहर कुरैशी उर्फ टाइगर कांग्रेस के कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई देता है। शर्मा के अनुसार, कुछ तस्वीरों में वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ भी कांग्रेस का गमछा डाले नजर आ रहा है।


