सुल्तानपुर के जयसिंहपुर के बहरी गांव में एक 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बिरसिंहपुर-हालापुर संपर्क मार्ग के किनारे स्थित एक तालाब के पास बुधवार सुबह यह शव बरामद हुआ था। बुधवार देर रात हुए पोस्टमार्टम में युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इस मामले में मृतका के भाई ने अपने जीजा के छोटे भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार सुबह शौच व खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने तालाब के पास शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। घटना की जानकारी पर एसपी चारु निगम और क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव की पहचान के लिए उसकी तस्वीरें वायरल कीं। इसके बाद शव की पहचान अंबेडकर नगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र स्थित महरुआ चौक निवासी स्व. मुरली की पुत्री सीता के रूप में हुई। मृतका के भाई सूरज ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी बड़ी बहन की शादी अमोहे निवासी जितेंद्र कुमार से हुई थी। सूरज के अनुसार, जितेंद्र के छोटे भाई गोलू का मृतका सीता से संबंध था। उसने बताया कि मंगलवार शाम को सीता महरुआ से परिजनों को बिना बताए घर से निकली थी, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर आरके चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि मृतका के गले में दुपट्टा कसा हुआ मिला था। घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर एक चप्पल भी मिली थी। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका के चेहरे पर सूखा खून लगा था और नाक पर भी हल्के चोट के निशान थे।


