राजगढ़ जिला अस्पताल में हाथ की जटिल सर्जरी सफल:उंगलियां सीधी हुईं; डेढ़ साल बाद कार्यक्षमता लौटी

राजगढ़ जिला अस्पताल में हाथ की जटिल सर्जरी सफल:उंगलियां सीधी हुईं; डेढ़ साल बाद कार्यक्षमता लौटी

राजगढ़ जिला अस्पताल ने मंगलवार को स्वास्थ्य सेवाओं में एक और उपलब्धि हासिल की है। सारंगपुर निवासी 40 वर्षीय असला अंसारी के दाहिने हाथ की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है, जिससे उनके हाथ की कार्यक्षमता में महत्वपूर्ण सुधार आया है। लगभग डेढ़ साल पहले, असला अंसारी एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। हादसे में वे गर्म तेल की कड़ाही पर गिर गए थे, जिससे उनका चेहरा, हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गए थे। दाहिने हाथ की उंगलियां मुड़ गई थीं
लंबे उपचार के बाद उनके घाव तो भर गए, लेकिन दाहिने हाथ की उंगलियां मुड़ जाने के कारण वे सामान्य कामकाज करने में असमर्थ हो गए थे। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे बड़े शहरों में महंगा इलाज कराने में सक्षम नहीं थे। इसी दौरान, उन्हें जिला अस्पताल में पदस्थ सीनियर सर्जन डॉ. अंकुर देशवाली के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद वे उपचार के लिए राजगढ़ जिला अस्पताल पहुंचे। पूरा ऑपरेशन निशुल्क किया गया
डॉ. देशवाली ने मरीज की स्थिति का गहन परीक्षण करने के बाद जटिल सर्जरी करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन में मरीज के दाहिने हाथ की मुड़ी हुई उंगलियों को सीधा किया गया और पैर से त्वचा लेकर प्रभावित हिस्से पर प्रत्यारोपित की गई। यह सर्जरी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इस तरह की जटिल प्रक्रियाएं आमतौर पर बड़े शहरों के अस्पतालों में प्लास्टिक सर्जन द्वारा की जाती हैं। अब यह सुविधा राजगढ़ जिला अस्पताल में भी उपलब्ध हो सकी है। यह पूरा ऑपरेशन निशुल्क किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की हालत में सुधार है और वे धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या की ओर लौट रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि उनके संज्ञान में यह संभवतः पहली बार है जब जिला अस्पताल में इतनी जटिल हाथ सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है, जो अस्पताल की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *