गोहर उपमंडल के गणई गांव में एक छात्र अपने किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर के रूप में हुई है, जो औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग, गोहर में अंतिम वर्ष का छात्र था। वह पालमपुर, कांगड़ा जिले का निवासी था। जानकारी के अनुसार, देवन ठाकुर फरवरी माह से गणई गांव के एक निजी मकान में अकेले किराये पर रह रहा था। मंगलवार सुबह उसकी माता ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि देवन कॉल नहीं उठा रहा है और कमरे में जाकर उसकी कुशलक्षेम जांचने का आग्रह किया। जब मकान मालिक ने कमरा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा जोर से हिलाने पर वह खुल गया, जहां देवन ठाकुर अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना तुरंत गोहर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई और जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण घटनास्थल पर औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग, गोहर के डीन पी एल शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद हैं। पुलिस ने फिलहाल मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। सभी पहलुओं की चल रही है: एसपी पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार की अटकलें लगाना उचित नहीं होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।


