हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने शुक्रवार को जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की और अस्पताल प्रबंधन को विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन अस्पताल भवन में चिकित्सा की आधुनिकतम मशीनों से बेहतर इलाज के प्रबंध हों। कलेक्टर जैन ने यह भी निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार के लिए ज्यादा देर प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने ओपीडी में ऑनलाइन बुकिंग के लिए सॉफ्टवेयर तैयार करने और ओपीडी शुल्क क्यूआर कोड के माध्यम से जमा कराने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि मरीजों का समय बच सके। अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने गंदगी फैलाने या गुटखा थूकने पर तत्काल जुर्माना वसूलने के आदेश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बिल्डिंग में सफाई व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। कलर कोडिंग से फुट स्टेप तैयार करने को कहा
मरीजों की सुविधा के लिए कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न स्थानों तक पहुंचने के लिए कलर कोडिंग से फुट स्टेप तैयार करने को कहा। ऑपरेशन थिएटर, उपचार वार्डों और प्रसाधन तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रंग के फुट स्टेप निर्धारित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुराने अस्पताल भवन में मरीजों के लिए प्राइवेट वार्ड तैयार करवाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. एचपी. सिंह, एसडीएम अशोक डेहरिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


