साई सुदर्शन को क्यों मिलेगा कप्तानी और मैनेजमेंट का लंबा साथ? कोच गौतम गंभीर ने बताई असली वजह

साई सुदर्शन को क्यों मिलेगा कप्तानी और मैनेजमेंट का लंबा साथ? कोच गौतम गंभीर ने बताई असली वजह

Gautam Gambhir on Sai Sudharsan: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने साफ कर दिया है कि युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में नंबर-3 की पोजीशन पर खेलना जारी रखेंगे। गंभीर का मानना है कि 24 साल के इस खिलाड़ी को आगे भी लंबे समय तक टीम में मौके दिए जाएंगे, क्योंकि उन्हें अभी तक अपनी काबिलियत साबित करने का पूरा और सही मौका नहीं मिला है।

सुदर्शन ने अब तक भारत के लिए 6 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान खेली गई 11 पारियों में उन्होंने 27.45 की औसत से 302 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। भले ही क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सुदर्शन के बल्ले से अभी तक कोई शतक नहीं निकला है, लेकिन गंभीर उनके टैलेंट पर पूरा भरोसा जता रहे हैं।

‘सिर्फ 4-5 पारियों से किसी को नहीं आंक सकते’

चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कोच गंभीर ने सुदर्शन का पूरा सपोर्ट किया। गंभीर ने कहा, ‘मेरा हमेशा से मानना है कि किसी भी खिलाड़ी को अपनी काबिलियत साबित करने के लिए पर्याप्त मौके मिलने चाहिए। साई सुदर्शन खराब फॉर्म में नहीं हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत इंग्लैंड से की थी, जो हम सभी जानते हैं कि बल्लेबाजों के लिए सबसे कठिन जगहों में से एक है। अगर हम किसी खिलाड़ी को सिर्फ चार या पांच पारियों के आधार पर जज करने लगेंगे, तो हम कभी भी मजबूत टीम तैयार नहीं कर पाएंगे।’

कोच गंभीर ने सुदर्शन को बैक करने के पीछे उनके हालिया IPL 2026 के धमाकेदार प्रदर्शन का भी हवाला दिया। गुजरात टाइटंस (GT) की तरफ से खेलते हुए सुदर्शन का प्रदर्शन लाजवाब रहा था, जहां उन्होंने 17 मुकाबलों में 157.98 के शानदार स्ट्राइक रेट से 722 रन कूटे थे और वह टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

पडिक्कल को करना होगा इंतजार

साई सुदर्शन को लगातार मौका मिलने का मतलब है कि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में रनों का अंबार लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को अभी अपनी बारी के लिए इंतजार करना होगा। 25 साल के पडिक्कल ने भी IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए 15 पारियों में 168.72 के स्ट्राइक रेट से 464 रन ठोके थे और रणजी ट्रॉफी में भी उनका बल्ला जमकर बोला था।

इस पर गंभीर ने स्पष्ट किया कि वे मैदान पर केवल 11 खिलाड़ी ही उतार सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि हम अगर एक खिलाड़ी को 5 मुकाबले में आजमाएंगे, तो दूसरे को सिर्फ एक या दो मुकाबलों में मौका देंगे। जब भी पडिक्कल का समय आएगा, उन्हें भी पूरा मौका दिया जाएगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *