मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर कानून व्यवस्था तथा 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में भी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और बैठक में सहभागिता की।
कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा तीन दिनों तक प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित होगी, ऐसे में अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अनुचित गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
अतिरिक्त बसों की हो व्यवस्था, रूट प्लानिंग रहे तैयार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए और रूट प्लानिंग को व्यवस्थित रखा जाए।
परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करें और फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ रहें अलर्ट
गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में इस दौरान एडीजी जोन अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, आरटीओ संजय कुमार झा, डीएसओ रामेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि समय से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


