मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिला प्रवास के दौरान अंबिकापुर में पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक में भटगांव विधानसभा के पूर्व विधायक पंडित रविशंकर त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने आकाशवाणी चौक पर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक पर पूर्व विधायक विधायक पं. रविशंकर त्रिपाठी को पुण्यतिथि पर याद करते हुए कहा कि वे हमारे प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठन के कई पदों को सुशोभित किया। आज उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया, ये सिर्फ मूर्ति नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी उनकी जिंदादिली और उनकी कर्मठता को याद दिलाते रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे रायगढ़ की बैठक में जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए थे, उस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं रायगढ़ के सांसद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम समय तक जनसेवा से जुड़े रहे। लोकार्पण के दौरान स्व. रविशंकर त्रिपाठी की धर्मपत्नी पूर्व विधायक रजनी त्रिपाठी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के आकाशवाणी चौक पर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा दी है। उनके आदर्श आज भी युवाओं को देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हैं प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ नारायण चन्देल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी सरगुजा दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। भाजयुमो ने आजाद की प्रतिमा का किया शुद्धीकरण
शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का सीएम के हाथों अनावरण के पूर्व देर रात युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अनावरण कर दिया था। युकां ने आरोप लगाया था कि निगम ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर सजावट नहीं की और प्रतिमा की उपेक्षा की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया गया। इसकी शिकायत नगर निगम कमिश्नर ने पुलिस से भी की है। युकां की हरकत पर नाराजगी जताते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा नेताओं ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की गंगाजल से शुद्धिकरण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के हाथों आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया गया।


