भीलवाड़ा जिले के खारी का लांबा गांव में दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार सुबह चौपाल पर ग्रामीणों के साथ चाय पीकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने गांवों के विकास, रोजगार, खेती, बिजली, पानी और सरकारी योजनाओं के लाभ पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव आत्मनिर्भर और सुविधासंपन्न होंगे तो प्रदेश और देश का विकास भी मजबूत होगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने पर जोर दिया। चौपाल पर चाय के साथ ग्रामीणों से की बातचीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि चाहे प्रदेश हो या देश, विकास की राह गांवों की पगडंडियों से होकर गुजरती है। उन्होंने कहा कि हर गांव संपन्न होना चाहिए और वहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उनके अनुसार गांव मजबूत होंगे तो प्रदेश और देश भी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गांवों को हर दृष्टि से मजबूत बनाने की बात करते हैं। किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचना जरूरी है। इसी उद्देश्य से सरकार लगातार काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है मुख्यमंत्री ने कहा कि भीलवाड़ा दौरे के दौरान उन्होंने रात्रि चौपाल में महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि कई युवाओं को हाल ही में रोजगार मिला है और नियुक्तियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर पहुंच रही हैं और विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित राजस्थान बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। गांवों में सुविधाएं बढ़ाने पर सरकार का फोकस मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों की आबादी लगातार बढ़ रही है जबकि गांवों की आबादी कम हो रही है। इस स्थिति पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि गांवों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो लोग गांव में रहकर ही बेहतर जीवन और रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ग्राम चौपालों के माध्यम से लोगों की जरूरतों को समझ रही है और उसी के अनुरूप योजनाओं पर काम कर रही है। रोजगार और प्रोसेसिंग यूनिट पर दिया जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों के साथ बिजली, पानी, सड़क और खेती से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाली कृषि पैदावार के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को गांव में ही रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी और निजी दोनों स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास कर रही है। साथ ही जो युवा अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गांव भ्रमण के दौरान लोगों से मिले मुख्यमंत्री ने कहा कि खारी का लांबा गांव में लोगों से मिलकर उन्हें अच्छा लगा। उन्होंने गांव के बुजुर्गों, किसानों और अन्य ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव भ्रमण भी किया। इस दौरान वे एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे और उनके हालचाल जाने। इसके अलावा उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ योग भी किया। भीलवाड़ा के विकास कार्यों का किया उल्लेख मुख्यमंत्री ने कहा कि भीलवाड़ा एक अच्छा जिला है और यहां विकास के कई कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ मिले, गांव विकसित बनें और विकसित भारत के लक्ष्य में राजस्थान भी विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़े।


