रतनगढ़। शहर में होली खेलने के बाद अपने गांव लौट रहे 29 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार मृतक के चचेरे भाई दलीप सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ट्रक ने मारी थी टक्कर
रिपोर्ट में बताया गया कि रणधीरसर निवासी दिनेश राजपुरोहित (29) पुत्र पन्नेसिंह रतनगढ़ शहर में दुकान संचालित करता था। वह होली खेलने के बाद अपनी कार से रतनगढ़ से गांव लौट रहा था। मेगा हाईवे पर रणधीरसर फाटक के पास उसकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी।
अनियंत्रित कार पलटी
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे रतनगढ़ के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


