हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव छोड़ा गडडुआ निवासी प्रवीण पाठक के सात वर्षीय बेटे देव पाठक को आज दोपहर अचानक पेट दर्द हुआ। परिवार उसे नगला गढ़ू चौराहे के पास एक झोलाछाप डॉक्टर संजीव के पास ले गया। संजीव ने देव पाठक को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए सीएचसी सासनी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सीएचसी सासनी के डॉक्टरों ने बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन 108 एंबुलेंस से बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में भी परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।


