मंड्रेला कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शनिवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महिला वार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के दौरान वार्ड में धुआं भरने से मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। बताया जा रहा है कि महिला वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (AC) का स्विच ऑन था। अचानक एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने वार्ड में लगे पर्दों को अपनी चपेट में ले लिया। कपड़ों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई। धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी आग लगते ही अस्पताल परिसर काले धुएं से भर गया। धुएं के कारण वार्ड में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों का दम घुटने लगा, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए वार्ड को खाली कराया और बिजली की सप्लाई काटी। रेस्क्यू ऑपरेशन घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प थानाधिकारी कैलाशचंद्र पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित कर राहत कार्यों में मदद की। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि आग लगने का प्राथमिक कारण एसी में शॉर्ट सर्किट होना ही सामने आया है। वार्ड में धुआं बहुत ज्यादा भर गया था, जिसके कारण अंदर हुए नुकसान का अभी सटीक अंदाजा नहीं लगाया जा सका है।


