मऊ जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सोमवार देर शाम एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 437 वाहनों का चालान किया गया और दो गाड़ियों को जब्त (सीज) किया गया। यह कार्रवाई पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए गए इस व्यापक चेकिंग अभियान में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों को शामिल किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष ध्यान दिया गया। देखें, 3 तस्वीरें… अभियान के लिए कुल 43 टीमें गठित की गईं, जिन्होंने जनपद के 48 अलग-अलग स्थानों पर बारी-बारी से लगभग 1200 संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का पालन न करने पर 437 वाहनों का विभिन्न धाराओं में चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के साथ-साथ अन्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई। वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने और उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक मऊ ने आमजन से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित यातायात में सहयोग प्रदान करें।


