संभल के समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों और उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर प्रतिक्रिया दी। सांसद बर्क ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष को निशाना बनाकर वोट काटे गए। उन्होंने दावा किया कि 27 लाख मतदाता अभी भी अपने वोट की वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें मतदान का अधिकार नहीं मिल पाया। बर्क के अनुसार, ये मतदाता तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के समर्थक थे। सांसद बर्क ने केंद्रीय बलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा केंद्रीय बलों पर विश्वास रहा है कि वे किसी के प्रभाव में नहीं आएंगे, लेकिन पश्चिम बंगाल में टीएमसी के साथ ज्यादती हुई है। उन्होंने कुछ हद तक केंद्रीय बलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति हमदर्दी देखे जाने का आरोप लगाया, हालांकि उन्होंने सभी बलों को इसका दोषी नहीं ठहराया। भाजपा की यह रणनीति लंबे समय तक नहीं चलेगी सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी को घेरकर चुनाव हराने का प्रयास किया गया, लेकिन भाजपा की यह रणनीति लंबे समय तक नहीं चलेगी। उन्होंने देशवासियों से हौसले, हिम्मत, सब्र, भाईचारा और मोहब्बत से काम लेते हुए देश की तरक्की के लिए योगदान देने का आह्वान किया। बर्क ने यह भी कहा कि भाजपा के शासनकाल में देश में तरक्की रुकी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि विपक्ष धीरे-धीरे मजबूत होकर देश में अपनी सरकारें बनाएगा और जनहित के कार्यों को अंजाम देगा। उत्तर प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यहां ज्यादा “ज्यादती” नहीं हो पाएगी और राज्य में “बदलाव की लहर” है।


