ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच तनाव की स्थिति बरकरार है, लेकिन पाकिस्तान (Pakistan) के ज़रिए बातचीत भी जारी है। हाल ही में अमेरिकी 14 सूत्रीय प्रस्ताव पर ईरान के जवाब को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अस्वीकार्य बताते हुए इसे खारिज कर दिया था और साथ ही इसे कचरा भी बता दिया था। अब ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे सीज़फायर पर एक बड़ा बयान दिया है।
“लाइफ-सपोर्ट पर है सीज़फायर”
ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मैं कहूंगा कि ईरान से सीज़फायर बड़े लाइफ सपोर्ट पर है, जिसमें डॉक्टर अंदर आकर कहता है, ‘सर, आपके प्रियजन के जीवित रहने की संभावना लगभग 1% है’।”
“सीज़फायर प्रस्ताव पर ईरान का जवाब बकवास”
ट्रंप ने आगे कहा, “ईरान ने हमारे प्रस्ताव पर हमें जो जवाब भेजा, वो बकवास है। मैंने उसे पूरा भी नहीं पढ़ा। ईरान की हालत बहुत खराब है। सीज़फायर की अवधि में ईरान ने जो भी थोड़ी-बहुत ताकत जमा की है, उसे अमेरिका लगभग एक दिन में ही नष्ट कर देगा।
“ईरान नहीं बना सकता परमाणु हथियार”
ट्रंप ने एक बार फिर साफ कर दिया कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना सकता। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “ईरान बेहद खतरनाक देश है और उसके पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते। वो बेहद अस्थिर हैं और हम उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे।”
“हम दुनिया के लिए कर रहे हैं सेवा”
ईरान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई को ट्रंप ने दुनिया के लिए सेवा बताया और और पूर्व राष्ट्रपतियों की इस बात के लिए कड़ी आलोचना की कि उन्होंने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की। ट्रंप ने कहा, “हम दुनिया के लिए यह सेवा कर रहे हैं। पिछले करीब 47 सालों से ईरान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों और अन्य देशों के नेताओं, जिनके पास शक्ति थी, उन्हें यह करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।”


