यश राज फिल्म्स की कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा ने शनिवार को एक इंटिमेट फंक्शन में शादी कर ली। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें शेयर कीं, लेकिन अपने पति का चेहरा और नाम पब्लिक नहीं किया। पोस्ट सामने आते ही रणवीर सिंह समेत कई सितारों ने उन्हें बधाई दी। शानू शर्मा ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘ईश्वर की कृपा से मुझे इस धरती पर साथ चलने के लिए सबसे बेहतरीन साथी मिल गया है। माता-पिता के आशीर्वाद और प्रियजनों के प्यार से हमने आज सुबह अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से संपन्न कर लिया। जल्द ही शादी का जश्न मनाया जाएगा… विवाह संपन्न।’
कई सेलेब्स ने बधाई दी पोस्ट सामने आते ही कई सितारों ने शानू को शुभकामनाएं दीं। परिणीति चोपड़ा ने लिखा, ‘बधाई हो मेरी लड़की -सबसे बड़ी खबर!’ रणवीर सिंह ने दिल वाले इमोजी शेयर कर खुशी जाहिर की।
वहीं कृति सेनन ने कमेंट किया, ‘वाह! बधाई हो।’
इसके अलावा रश्मिका मंदाना, प्रियंका चोपड़ा, अनन्या पांडे, सोनम कपूर और शरवरी सहित कई सेलेब्स ने भी बधाई दी।
कौन हैं शानू शर्मा? शानू शर्मा ने मुंबई के थिएटर और क्रिएटिव फील्ड से अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने कास्टिंग की दुनिया में कदम रखा। आदित्य चोपड़ा उन्हें यश राज फिल्म्स में लेकर आए। उनको बड़ी पहचान तब मिली जब उन्होंने उस समय अपेक्षाकृत नए एक्टर रणवीर सिंह को फिल्म बैंड बाजा बारात में कास्ट किया था। इसके अलावा उन्होंने अनुष्का शर्मा, भूमि पेडनेकर, अहान पांडे और अनीत पड्डा जैसे कई कलाकारों की कास्टिंग की है। शानू शर्मा फिल्म निर्माता और अभिनेता रोमेश शर्मा की भतीजी भी हैं, जो फिल्म हम के लिए जाने जाते हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, रजनीकांत और गोविंदा नजर आए थे।


