डिंडोरी में कार ट्रक से टकराई, एक नाबालिग की मौत:दूसरा घायल; जबलपुर रेफर, पिता की गाड़ी लेकर निकले थे दो दोस्त

डिंडोरी में कार ट्रक से टकराई, एक नाबालिग की मौत:दूसरा घायल; जबलपुर रेफर, पिता की गाड़ी लेकर निकले थे दो दोस्त

डिंडोरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर कृष्णा पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ, जब एक कार पहले दूसरी कार से टकराई और फिर खड़े ट्रक में जा घुसी। विवेचक घसीटा रजक ने बताया कि सुबह लगभग 7:30 बजे शहपुरा से जबलपुर की ओर जा रही कार (MP 20ZV 9089) पहले सामने से आ रही एक अन्य कार से टकराई। इसके बाद, वह जबलपुर की तरफ खड़े एक ट्रक (MP 18H 6315) में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में घायल हुए दोनों नाबालिगों को इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया था। जबलपुर ले जाते समय 16 वर्षीय शुभ साहू पुत्र शिवकुमार साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं, 16 वर्षीय कार्तिक सोनी पुत्र प्रहलाद सोनी का इलाज जबलपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय कार कार्तिक सोनी चला रहा था। शुभ और कार्तिक दोनों दोस्त थे और एक ही स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। यह कार कार्तिक सोनी के पिता की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पहले भी नाबालिग के तेज कार चलाने को लेकर उसके पिता से शिकायत की थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *