सलूंबर में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्लान:परसाद में जल चौपाल, कहा- हर नागरिक निभाए जिम्मेदारी

सलूंबर में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्लान:परसाद में जल चौपाल, कहा- हर नागरिक निभाए जिम्मेदारी

राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 को जन-जन का आंदोलन बनाने के उद्देश्य से सलूंबर की ग्राम पंचायत परसाद में जल चौपाल का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जल संरक्षण का दिया संदेश जल चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, पारंपरिक जल स्रोतों की सुरक्षा करने तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कलक्टर ने जोर दिया कि जनभागीदारी के बिना किसी भी अभियान की सफलता संभव नहीं है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाना चाहिए। कलेक्टर बोले-स्थायी जल संरचना का हो रहा निर्माण कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार जल एवं भूमि संरक्षण के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। विभिन्न विभागों के माध्यम से स्थायी जल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही “मातृ भूमि से कर्म भूमि, जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी 2.0)” एवं भूमि संरक्षण कार्यों में ग्रामीणों और श्रमिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विभागीय योजनाओं की जानकारी दी अधीक्षण अभियंता वाटरशेड रतन सिंह भाटी ने अभियान की रूपरेखा एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग के अधिकारी मोहम्मद घोष ने किसानों को फार्म पॉन्ड, ड्रिप सिंचाई और अन्य कृषि योजनाओं के लाभ बताए, जबकि पीएचईडी अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति एवं जल योजनाओं की जानकारी साझा की। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण जल चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया तथा उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण की सामूहिक शपथ लेकर जल बचाने और उसके सतत उपयोग का संकल्प लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *