हिसार जिले की थाना उकलाना पुलिस ने खेत से बिजली की केबल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का केबल बरामद किया है। थाना उकलाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव चमारखेड़ा निवासी मांगे राम पुत्र भागचंद ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि 31 मई से 2 जून 2026 के बीच अज्ञात चोर उसके खेत में लगे सबमर्सिबल पंप की करीब 70 फीट लंबी बिजली की केबल चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना उकलाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की वारदात में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी, करनैल उर्फ कर्ण, तथा विक्की निवासी भुना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तार से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि चोरी के सामान को कहां और किसके माध्यम से बेचा जाता था।


