सतना से चित्रकूट जा रही नफीस ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP 17 P 1108) स्टेट हाईवे पर हाटी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा दोपहर लगभग एक बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और हाटी मोड़ पर अचानक एक ऑटो सामने आ गया। बस चालक ने ऑटो को बचाने का प्रयास किया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में सहायता की। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 112 एंबुलेंस के जरिए सतना जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


