बूंदी पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नैनवां थाना पुलिस ने अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बूंदी एसपी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशों पर की गई। एसपी ने सभी थानाधिकारियों को अवैध बजरी परिवहन रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के मार्गदर्शन और वृताधिकारी लाखेरी नरेंद्र नागर के पर्यवेक्षण में नैनवां थानाधिकारी सहदेव मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कॉन्स्टेबल सुरजमल, कांस्टेबल बल्लोसिंह, सुरेश, सीताराम और महावीर शामिल थे। गश्त के दौरान टीम ने दुगारी की तरफ से आ रही एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। जांच करने पर उसमें अवैध रेत (बजरी) भरी पाई गई। ड्राइवर से बजरी परिवहन के लिए आवश्यक अनुज्ञापत्र या रवन्ना मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन में संलिप्त सांवरा उर्फ सांवरिया (31) पुत्र नैहनुलाल, निवासी चांदसिंहपुरा, थाना दूनी, जिला टोंक को नियमानुसार गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और एमएमआरडी एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


