बूंदी कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को लू और तापघात से बचाव को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि उनके अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारी 24×7 फोन चालू रखें। आमजन की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर पेयजल आपूर्ति के लिए विद्युत कनेक्शन की आवश्यकता है, वहां जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग से समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर नए कनेक्शन जारी किए जाएं। कलेक्टर ने आगामी दिनों में हीट-वेव के प्रभाव को देखते हुए बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती न करने के निर्देश दिए। लो-वोल्टेज, लोड-सेटिंग और अन्य प्रकार की समस्याओं से निपटने के लिए पूर्व में ही तैयारियां करने को कहा गया। जिले में लो-वोल्टेज की समस्या से निजात पाने के लिए समानांतर में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, झूलती हुई तार लाइनों को ठीक करवाने के निर्देश दिए गए। जिले के सभी पावर स्टेशनों पर कार्यरत कर्मियों की सूचना जिला कार्यालय में भिजवाने को भी कहा गया। आपात स्थिति में विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया गया कि ग्रीष्मकाल के दौरान ग्रामीण और शहरी इलाकों में स्वच्छ पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खराब या मरम्मत योग्य हैंडपंपों की मरम्मत के लिए शिकायत मिलने का इंतजार न करते हुए, जिले में स्थापित हैंडपंपों का ग्रामवार/क्षेत्रवार सर्वे कर शीघ्र मरम्मत की जाए।


