रोहतक के सर्राफा व्यापारियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक साल तक सोना न खरीदने वाले बयान के बाद रोष बढ़ने लगा है। सर्राफा व्यापारियों ने कहा कि सोना केवल आयात व निर्यात की धातू नहीं है, लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है। साथ ही 50 लाख लोग सोने के व्यापार से जुड़े है, जिनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत बख्शी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात का सम्मान करते है। लेकिन पीएम ने सोने के बारे में कहा कि एक साल तक सोना-चांदी खरीदना बंद कर दें। पीएम के इस बयान से सर्राफा व्यापारी परेशान है। लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। एक साल तक लोग क्या शादी नहीं करेंगे
हेमंत बख्शी ने कहा कि पीएम के बयान के बाद क्या लोग एक साल तक शादी व अन्य कार्यक्रम नहीं करेंगे। क्या यह बात संभव है। पहले ही महंगाई इतनी बढ़ चुकी है जिसके कारण बाजार में मंदी है। ग्राहक कम आ रहे है और पीएम की अपील के बाद ग्राहकों में रोष है। पीएम को इसके बारे में दोबारा सोचना चाहिए। 50 लाख लोगों के सामने खड़ा होगा रोजी रोटी का संकट
हेमंत बख्शी ने कहा कि अगर सोने-चांदी की बिक्री पर रोक लग जाएगी तो 50 लाख लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। अगर लोगों ने एक साल तक सोना चांदी खरीदना बंद कर दिया तो सर्राफा व्यापारियों के बच्चे कहां जाएंगे। जिन लोगों को खरीदारी करनी है, वो लोग तो आ रहे हैं। सरकार के रेवेन्यू पर पड़ेगा असर
हेमंत बख्शी ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार सारा काम डिजिटल हो रहा है। सोने-चांदी की खरीद बंद होने के कारण जो जीएसटी व इंकम टैक्स भरते हैं, वो भी बंद हो जाएगा। सरकार को मिलने वाला करोड़ों रुपए का रेवेन्यू बंद हो जाएगा, जिससे सरकारी खजाने पर भी असर पड़ेगा। ट्रेवल एजेंसी पर पड़ेगा बड़ा असर
हेमंत बख्शी ने कहा कि पीएम ने विदेश यात्रा व घूमने जाने के लिए गाड़ियों का प्रयोग न करने की अपील की। अगर ऐसा हुआ तो ट्रेवल एजेंसी पर असर पड़ेगा। जो पर्यटन स्थल है, वहां भी रोजगार खत्म हो जाएगा। कल को एलपीजी की दिक्कत हुई तो पीएम खाना बंद करने के बारे में भी बोल सकते हैं। महंगाई को कंट्रोल करने की बजाय अनाप शनाप बयान दे रहे हैं। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करना हर व्यक्ति कर्तव्य
सुनार की दुकान पर बैठे ग्राहकों ने कहा कि पीएम ने बोल दिया कि सोना मत खरीदो। लेकिन वह अपने बच्चों का भविष्य देख रहे है। कल को लड़के या लड़की का रिश्ता करना है तो उन्हें मान सम्मान के लिए क्या देंगे। सोने की चीज देने की परंपरा है। पीएम के कहने से कुछ नहीं होता, हमें अपने बच्चों के भविष्य के बारे में भी सोचना है। ग्राहकों ने कहा कि आज पैसे हैं तो कुछ चीज खरीदकर रख रहे है। कल को पैसे नहीं हुए या सोना महंगा इतना हो जाएगा कि वह खरीद ही नहीं पाएंगे, फिर क्या करेंगे। पीएम को भी बोलने से पहले सोचना चाहिए। वह सोना आने वाले कल को देखकर खरीद रहे हैं।


