मैनपाट में अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई, पुलिस फोर्स तैनात:16 लोगों के अतिक्रमण को हटाने पहुंचा प्रशासनिक अमला, पूरी हो चुकी है नोटिस की अवधि

सरगुजा के मैनपाट में प्रशासनिक अमले ने अवैध अतिक्रमण को हटाने शुक्रवार को बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। मैनपाट के 16 अतिक्रमणकारियों को दिए गए अंतिम नोटिस की मियाद पूरी हो गई है। अतिक्रमण हटाने के पूर्व मैनपाट में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। यह कार्रवाई मैनपाट के कमलेश्वरपुर में की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रोपाखार में अतिक्रमण पर बने 16 मकानों को तोड़ने के लिए पूर्व में प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को प्रशासनिक अमले के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। रोपाखार के चौक से कार्निवाल ग्राउंड के बीच बने चार मकानों को फिलहाल तोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितने घरों को तोड़ा जाना है। विरोध के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को पहले कब्जा हटाने के लिए अंतिम नोटिस दिया जा चुका है। अतिक्रमण हटाने सुबह प्रशासनिक अमला पहुंचा तो खलबली मच गई। लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध शुरू किया। विरोध प्रदर्शन के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अमले द्वारा लोगों को सामान निकालने के लिए कुछ देर की मोहलत दी गई, इसके बाद मकानों को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है। माल रोड के लिए तोड़े जाने हैं 44 कब्जे
रोपाखार में ही पर्यटन को बढ़ावा देने माल रोड स्वीकृत किया गया है। माल रोड के लिए 44 लोगों को बेजा कब्जा हटाने का नोटिस दिया गया है। मैनपाट के रोपाखार में शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण के कारण पर्यटन विकास के लिए भी जगह नहीं मिल पा रही है। इस कारण बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *