भदोही के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार साले-बहनोई की मौत हो गई। दोनों 7 जून को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे। यह घटना भदोही बॉर्डर नरऊर के पास हुई। मृतकों की पहचान सकलडीहा निवासी 35 वर्षीय मुख्तार हाशमी और सैयदराजा, मीरजापुर के मेढ़ निवासी 22 वर्षीय शाहिद हाशमी के रूप में हुई है। उनके रिश्तेदार अख्तर अली ने बताया कि दोनों मीरजापुर में कार्ड बांटकर कटरा बाजार, कोइरौना जा रहे थे। नरऊर स्थित भदोही सीमा के पास पहुंचने पर एक अनियंत्रित डंपर (संख्या यूपी 64 बीटी 2568) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर को जब्त कर लिया गया है, हालांकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


